कैथल। नगर परिषद में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर तैनात संजय को एसीबी की टीम ने 18 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ठेकेदार से काम के बिल पास करवाने के एवज में रिश्वत मांगी थी।
एसीबी इंस्पेक्टर के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने नगर परिषद एमई वरूण शर्मा के कहने पर रुपये मांगे थे। एमई की भूमिका की जांच की जा रही है। इस संबंध में रोहेड़ा निवासी ठेकेदार नरेश ने एसीबी को शिकायत दी। एसीबी टीम ने योजना के तहत जाल बिछाया और ठेकेदार को रुपये देने के लिए आरोपी के पास भेजा। जैसे ही आरोपी रुपये लेने लगा तो टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी से नकदी बरामद कर ली गई। एसीबी की टीम की ओर से आरोपी से मामले के बारे में पूछताछ की जा रही है। आरोपी संजय नगर परिषद में ठेकेदारी के तहत लगा हुआ था। हालांकि उसका काम और पोस्ट सफाई कर्मचारी की थी लेकिन इस समय वह म्यूनिसिपल इंजीनियर के कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर था।