संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लघु सचिवालय स्थित सभागार में वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में आई 146 शिकायतों में 19 शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया गया।
इस मौके पर डीसी प्रशांत पंवार ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के साथ समाधान करने के लिए समाधान शिविरों की शुरुआत की गई है। सभी विभागाध्यक्ष यह सुनिश्चित करें कि जिला स्तर पर कोई भी शिकायत पेंडिंग न रहे। सभी विभाग आपसी तालमेल से कार्य करते हुए आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
कैथल शहर में गत दिनों बालाजी कालोनी स्थित डेयरी संचालक व उसकी पत्नी पर हुए हमले के मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से तुरंत कार्रवाई करने पर पीड़ित के परिजनों एवं कालोनीवासियों ने समाधान शिविर के दौरान एसपी उपासना का आभार जताया। वहीं, समाधान शिविर में आई गांव मूंदड़ी निवासी हरदेवी की बीपीएल राशन कार्ड संबंधित शिकायत का मौके पर समाधान किया गया। इसी प्रकार नैना गांव के चंद्रभान की परिवार पहचान पत्र की समस्या का मौके पर समाधान किया। चंद्रभान ने बताया कि उसकी पीपीपी में ज्यादा आय दर्शाई थी।
शिविर में आने पर अधिकारियों व कर्मचारियों ने आय को दुरुस्त किया। सरकार की ओर से समाधान शिविर लगाकर लोगों को राहत देने का काम किया है। इस अवसर पर डीडीपीओ कंवर धमन, डीआरओ चंद्रमोहन, ईओ कुलदीप मलिक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
गांव खेड़ी गुलाम अली के मनरेगा मजदूरों ने एडीसी को सुनाई अपनी समस्या : कैथल। गांव खेड़ी गुलाम अली खंड सीवन के मनरेगा मजदूरों बाला देवी, कांता, सरोज देवी, फूल सिंह, रामपाल, भीरा राम ने नारेबाजी कर अतिरिक्त उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। मजदूरों ने कहा कि उनका मस्टररोल 21 जून से निकल गया था, लेकिन ऑनलाइन हाजिरी न लगने की वजह से उनके 21, 23 और 27 तीन दिन काटे गए हैं। जेई एसडीओ एबीपीओ आदि से बात कि तो उन्होंने नेटवर्क खराबी बताकर पल्ला झाड़ लिया। अतिरिक्त उपायुक्त ने आश्वासन दिया है कि किसी भी मजदूर की कोई हाजरी नहीं काटी जाएगी। मैं इस बारे खुद ब्लॉक अधिकारियों से बात करूंगी। इस मौके पर सीटू जिला सचिव नरेश रोहेड़ा, बलदेव मलिकपुर, विक्रम सिंह मौजूद रहे।
गुहला में एसडीएम ने सुनी समस्याएं, नौ का निदान
गुहला-चीका। खंड विकास खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय चीका में वीरवार को समाधान शिविर लगाया। शिविर के दौरान 13 शिकायतें आईं। इनमें से 9 का मौके पर ही समाधान किया।
एसडीएम कृष्ण कुमार ने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी हर रोज कार्य दिवस में उपमंडल स्तरीय समाधान शिविर में सुबह 9 से 11 बजे तक शिकायतें सुनते हैं। कहा कि यदि किसी व्यक्ति को सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में किसी भी प्रकार की समस्या है तो उस समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। शिविर में सिंचाई विभाग से एसडीओ अजमेर सिंह, जन स्वास्थ्य विभाग से एसडीओ इंद्रराज पवार, बिजली विभाग से एसडीओ राहुल यादव सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद