संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नरड़ गांव के डिपो में गेहूं खराब के मामले में जांच के लिए जिला खाद्य आपूर्ति विभाग ने एक समिति गठित की है। यह समिति डिपो में पहुंचने वाले खराब गेहूं की जांच करेगी। इस जांच समिति में एफआई (एस) हैफेड कैथल राजपाल, एसओ (ए/सीएए) हैफेड कैथल प्रेम सिंह, प्रबंधक हैफेड कैथल सुखदीप सिंह, आईएफएस कैथल दीपक कुमार शामिल हैं।
इस समिति को तुरंत जांच करके जिला कार्यालय हैफेड कैथल में रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया गया है। मामले को दो दिन बीत गए हैं। संचालक ने डिपो से 70 प्रतिशत गेहूं का वितरण भी कर दिया है।
गौरतलब है कि बीते दिन नरड़ गांव के डिपो में राशन वितरित किया गया था। यह गेहूं बहुत की घटिया गुणवत्ता का था। कुछ लोगों ने खराब राशन को लेकर विरोध जताया था। लोगों ने यह मामला ग्राम पंचायत को भी अवगत कराया है। अमर उजाला ने इस संबंध में 26 दिसंबर को खबर प्रकाशित की थी।
ग्रामीणों ने बातचीत में गेहूं खराब होने का आरोप लगाया था। कहा था इसे खाने से व्यक्ति बीमार भी हो सकते हैं।
जिला खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी निशांत राठी ने कहा कि नरड़ गांव के डिपो में खराब गेहूं के पहुंचने की सूचना मिली थी। इसके लिए समिति गठित कर दी है। जो इसकी जांच करेगी और जिला खाद्य आपूर्ति विभाग को रिपोर्ट सौंपेगी।