कैथल। खंड कलायत में महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती योजना व इंदिरा आवास योजना के अंतर्गत आबंटित किए गए 100-100 गज के प्लाटों के दृष्टिगत जो जमीन अधिग्रहण की गई थी, उसका रिकॉर्ड में इंतकाल दर्ज नहीं करवाया गया। इस विषय को गंभीरता से लेते हुए डीसी प्रदीप दहिया ने जिला राजस्व अधिकारी की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई है, जिसमें तहसीलदार और नायब तहसीलदार कलायत एवं खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कलायत को सदस्य बनाया गया है। डीसी प्रदीप दहिया ने कहा कि कमेटी तुरंत प्रभाव से 100-100 गज के प्लाटों से संबंधित एक्वायर की गई जमीन का राजस्व रिकॉर्ड में लाभार्थियों का नाम इंतकाल दर्ज करना सुनिश्चित करेगी और आगामी 15 दिनों के अंदर डीसी कार्यालय में इसकी रिपोर्ट देगी।
डीसी प्रदीप दहिया ने कहा कि कलायत के गांव बात्ता में इंदिरा गांधी आवास योजना में अनियमितताएं और लापरवाही करने पर तत्कालीन नायब तहसीलदार को नोटिस जारी किया गया। इसके बाद जो भी आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई होगी, वह नियमानुसार अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी अन्य खंड में इस तरह की कमी है तो संबंधित तहसीलदार इसको प्राथमिकता के आधार पर लेकर कार्य करें।