संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। अनाज मंडी में धान की खरीद के कार्य में अब कुछ सुधार नजर आने लगा है। इस मंडी में केवल मोटे धान की खरीद ही की जाती है, जबकि बारीक धान की फसल किसानों को कैथल अनाज मंडी में लेकर जानी पड़ती है।
मंडी के मार्केट कमेटी कार्यालय से मिले आंकड़ों के अनुसार मंडी में मंगलवार तक 68 हजार 114 क्विंटल धान की फसल आई है। इसमें से 46 हजार 750 क्विंटल धान की फसल को खरीद लिया गया है जबकि 22 हजार क्विंटल के करीब धान खरीदा जाना बाकी है।
मार्केट कमेटी के सचिव ओम प्रकाश ने बताया कि राजौंद अनाज मंडी में खरीद एजेंसी हरियाणा वेयरहाउस व हैफेड खरीद एजेंसी ने मंगलवार तक 46 हजार 750 क्विंटल धान की फसल की खरीद की जा चुकी है। बताया कि मंगलवार को हरियाणा वेयर हाउस ने 4514 क्विंटल धान की खरीद की है जबकि बुधवार को हैफेड खरीद करेगी।
उन्होंने किसानों से कहा है कि धान की फसल साफ व सुखाकर लाएं, ताकि किसी तरह की परेशानी किसानों को धान की फसल बेचते समय न उठानी पड़े।