संवाद न्यूज़ एजेंसी
कैथल। शहर के सर छोटू राम इंडोर स्टेडियम के मुख्य बॉक्सिंग कोच अमरजीत सिंह अब तक करीब 10 अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुक्केबाज़ तैयार कर चुके हैं। उनके मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली मुक्केबाज़ वंशिका ने वर्ष 2024 में जूनियर इंटरनेशनल बॉक्सिंग टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व किया, जबकि कुलविंदर सिंह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने पंच का दम दिखा चुके हैं।
कोच अमरजीत सिंह के सिखाए कई खिलाड़ी पटियाला में आयोजित इंडिया कैंप में भाग लेकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने अप्रैल माह में आईबीए (इंटरनेशनल बॉक्सिंग एसोसिएशन) का वन-स्टार कोच कोर्स पूर्ण रूप से ऑनलाइन माध्यम से पूरा किया। इस कोर्स के बाद अमरजीत सिंह को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने का अधिकार मिला, जिससे उन्हें इंटरनेशनल कोच का दर्जा भी प्राप्त हुआ है।
अमरजीत सिंह ने बताया कि रोजाना सुबह 50 से 60 खिलाड़ी अभ्यास के लिए आते हैं, जबकि शाम के सत्र में चार से सात बजे के बीच 120 से 130 खिलाड़ी नियमित अभ्यास करते हैं। दो सत्रों में तीन कोच: गुरमित सिंह, संदीप कुमार और स्वयं अमरजीत सिंह: मिलकर खिलाड़ियों को तकनीकी और शारीरिक प्रशिक्षण देते हैं।
उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है, जिसमें सप्ताहभर का अभ्यास प्लान साझा किया जाता है। इससे खिलाड़ियों और अभिभावकों को पहले से ही यह जानकारी मिल जाती है कि सप्ताह में किस तरह का अभ्यास किया जाना है।
अभ्यास सत्र के बाद खिलाड़ियों की तकनीकी कमियों की पहचान कर उन्हें सुधारने के तरीके भी सिखाए जाते हैं। कोच अमरजीत सिंह ने बताया कि अकादमी में प्रशिक्षण ले रही जन्नत और पायल एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर लौटी हैं। वहीं कुलविंदर सिंह ने प्रदेश स्तरीय स्कूल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया।
जिला खेल स्टेडियम में सुबह पांच से सात बजे तक युवा खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि वे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।