संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जन संवाद कार्यक्रम के दौरान आशा कर्मियों ने जिला प्रधान सुषमा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस संबंध में प्रधान सुषमा ने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ दस सेकेंड के लिए आशा कर्मियों ने मांगों के समाधान बारे बातचीत हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन देते हुए इतना ही कहा कि आपके साथ ठीक ही होगा।
मंगलवार को आशाओं के यूनियन के शिष्टमंडल बातचीत के लिए पंचकूला बुलाया हुआ है। यूनियन के शिष्टमंडल को उनके इस आश्वासन से कुछ आशा बंधी है कि उनकी मांगों का समाधान होगा।
इससे पहले आज यूनियन की बड़ी संख्या में आशा कर्मी 70 दिनों से अपने आंदोलन के चलते रोष स्वरुप हनुमान वाटिका में इकट्ठी हुई। बारिश के बावजूद आशा 10 बजे ही पहुंच गई थीं। वहां से प्रकाशो कौल, ममता ढांड, रीना खेड़ी, आशा मानस पूनम कुलतारण के नेतृत्व में बस स्टैंड से प्रदर्शन करती हुईं जिला सचिवालय पहुंची। यहां से मुख्यमंत्री के काफिले को गुजरना था। अत: आशा कर्मियों ने भारी पुलिस बल के चलते वहीं से आधा घंटा नारेबाजी जारी रखी। कविता राणा, मेनका ने कहा कि पूर्ण समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
धरने पर 17 अक्तूबर को सीवन व अर्बन की आशा कर्मी तथा 18 अक्तूबर को राज्यमंत्री कमलेश ढांडा के कार्यालय पर 24 घंटों का पड़ाव डाला जाएगा। इस अवसर पर सुमन सीवन, राम देवी, सुमन चौहान, कमलेश, संतोष बालू, सुमन सारण, सरोज काकौत, रानी सेगा, रीटा हाबड़ी, रानी हाबड़ी, सुदेश पाई अनीता, उषा क्योडक़, मीणा संगतपुरा, उषा पाड़ला निर्मला, शीला, मंजू कुतबपुर सहित सैकड़ों आशा कर्मी मौजूद रही।