संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। नगरपालिका अध्यक्ष और पार्षदों के बीच चल रही खींचतान का खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है। सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। दरअसल, चीका में सफाई का ठेका 4 जुलाई को समाप्त हो गया था। इसके बाद से लगभग 48 सफाई कर्मचारी काम छोड़कर घर बैठ गए हैं।
समय रहते नया ठेका न लगाने के कारण डेढ़ माह से नगरपालिका केवल अपने करीब 40 अस्थाई कर्मचारियों से सफाई का काम चला रही है, जो 17 वार्डों के लिए बिल्कुल नाकाफी हैं। नतीजतन शहरभर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं और बरसात में बदबू व बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय निवासी अवतार सिंह, पवन कुमार, बलजीत सिंह, लक्की जिंदल, सतनाम सिंह, पाल सिंह, रामलाल और अमरजीत सिंह ने कहा कि नगरपालिका की आपसी लड़ाई का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। इन्होंने डीसी कैथल से हस्तक्षेप कर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करवाने की मांग की है।
हर वार्ड में सफाई कर्मचारी लगाने के लिए सफाई दरोगा को निर्देश दिए गए हैं। डंपिंग प्वाइंट से कचरा उठाने के लिए ठेकेदार को भी लिखा जाएगा। सफाई ठेके की फाइल उच्च अधिकारियों को भेजी गई है। जैसे ही मंजूरी मिलेगी, ठेकेदार को काम सौंप दिया जाएगा। — जितेंद्र शर्मा, सचिव, नगरपालिका चीका