कैथल। नौच गांव में शनिवार को पेस्टीसाइड की दुकान में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने छापामारी की। रेड के दौरान संचालक की ओर से मौके पर कोई कागजात न दिखाए जाने पर इसे सील कर दिया गया। इससे पहले टीम ने दुकान मालिक जसबीर को साथ लेकर दुकान व गोदाम में भी निरीक्षण किया। दुकान में 420 बैग यूरिया खाद के मिले।
इस दौरान जसबीर ने बताया कि यह यूरिया खाद गांव नौच के किसानों का है और किसान ही इस खाद को राजराणा ट्रेडिंग कंपनी से खरीदकर लाए हैं। जसबीर ने उन 10 किसानों को मौके पर बुलाया। किसानों ने यूरिया खाद के बिल व अपने आधार कार्ड क्वालिटी कंट्रोल इंस्पेक्टर कैथल को दिखाए और बताया कि उन्होंने सरकार की हिदायतों के अनुसार अपना पंजीकरण मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पर भी करवाया हुआ है। पेश किए गए यूरिया खाद के बिलो की जांच की आवश्यकता है। इसलिए जांच पूरी होने तक गोदाम को नियमानुसार सील किया गया है।