माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार को करनाल पहुंचे। यहां उन्होंने स्मार्ट सिटी की ओर से बनाए जा रहे 6.54 करोड़ रुपये की लागत वाले राजकीय उत्तर रक्षा गृह (नारी निकेतन) के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि यहां साढ़े छह एकड़ भूमि पर स्मार्ट सिटी के अंतर्गत कई भवन बनाए जा रहे हैं। इनमें ये भवन तैयार हो गया है, जिसका उद्घाटन कर दिया गया है। नारी निकेतन में असहाय महिलाओं को सरकारी आश्रय मिलेगा। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल भी बनाया जाएगा। एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स भी होगा, जिसकी आय से यहां की व्यवस्थाएं संचालित होंगी।
बताया गया कि 2142.40 वर्ग मीटर में बनी इस राजकीय उत्तर रक्षा गृह (नारी निकेतन), करनाल की इमारत में ग्राउंड फ्लोर समेत कुल चार फ्लोर हैं। इसमें परामर्श कक्ष, तीन डोरमैट्री, डाइनिंग रूम, किचन, लाइब्रेरी, दो क्लासरूम, कंप्यूटर लैब, प्रशिक्षण कक्ष, मनोरंजन कक्ष, भोजनालय कक्ष, इलाज के लिए पैरामेडिकल कक्ष तथा शारीरिक व मानसिक रूप से निशक्त महिलाओं की सुविधा हेतु लिफ्ट का भी प्रावधान किया गया है। इसके साथ-साथ स्टॉफ के लिए पांच कक्ष, विजिटर रूम, स्टोर रूम, महिला शौचालयों आदि की पर्याप्त व्यवस्था है।
उद्घाटन के मौके पर घरौंडा के विधायक हरविंद्र कल्याण, मेयर रेनू बाला गुप्ता, भाजपा के जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा, मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि संजय बठला, प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल, डीसी अनीश यादव, एसपी शशांक कुमार सावन, एडीसी डॉ.वैशाली शर्मा, डीपीओ राजबाला मोर, डीसीपीओ रीना फोगाट, नारी निकेतन की अधीक्षक संध्या व अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।