संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला चीका। बेंगलुरु में आयोजित सातवीं ओपन पैरा अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के पहले दिन चीका की खेल नर्सरी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और चार रजत पदक जीतकर गुहला चीका ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता से जुड़ी जानकारी देते हुए एथलेटिक्स कोच डॉ. सतनाम सिंह ने बताया कि यह आयोजन पैरा कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा 11 व 12 जुलाई को बेंगलुरु में कराया जा रहा है, जिसमें विभिन्न देशों के करीब 500 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
चीका की खेल नर्सरी से पांच खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन के मुकाबलों में अरुण ने लंबी कूद में स्वर्ण पदक जीता, जबकि ऊषा ने डिस्कस थ्रो और प्रिंस कुमार ने भाला फेंक में रजत पदक हासिल किए। ऊषा ने एक अन्य स्पर्धा में भी रजत पदक जीतकर दो पदकों पर कब्जा जमाया।
कोच डॉ. सतनाम ने बताया कि इस प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों में से आगामी अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं के लिए चयन किया जाएगा। चीका खेल नर्सरी के खिलाड़ी प्रतिदिन सुबह-शाम कड़ा अभ्यास करते हैं और निरंतर सफलता प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पदक विजेता खिलाड़ियों को ना केवल सम्मान मिल रहा है, बल्कि उन्हें रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं, जिससे उनका भविष्य सुरक्षित हो रहा है।