संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को पंजाब के श्री आनंदपुर साहिब से प्रारंभ हुई “धर्म बचाओ यात्रा” में शामिल हुए। यह यात्रा श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित नगर कीर्तन के रूप में निकाली जा रही है। कैथल पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने नीम साहिब गुरुद्वारा में गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेक कर अरदास की और यात्रा में श्रद्धा भाव से भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान धर्म, मानवता और सत्य की रक्षा के लिए प्रेरणास्रोत है। इस प्रकार की यात्राएं समाज को अपनी विरासत और मूल्यों से जोड़ने का कार्य करती हैं।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया:
इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि अधिक से अधिक पेड़ लगाकर पृथ्वी को हरा-भरा बनाएं और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर विधायक सतपाल जांबा, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक गुर्जर, पूर्व विधायक लीला राम सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।