गुहला-चीका। चीका और आसपास के क्षेत्र के लोगों का नए बस स्टैंड का 33 साल पुराना इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। पटियाला रोड पर करीब नौ करोड़ रुपये की लागत से बन रहे जिले के पहले आधुनिक दो मंजिला बस स्टैंड का निर्माण कार्य 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है। अब केवल फर्श का काम बाकी है।
निर्माण पूरा होने के बाद इसे दिवाली से पहले यात्रियों के लिए शुरू करने की तैयारी है। बस स्टैंड शुरू होने से चीका के साथ आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को भी राहत मिलेगी। चीका में बस स्टैंड बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। वर्ष 1993 में गुहला रोड पर बस स्टैंड का निर्माण कराया गया था, लेकिन वहां बसों का नियमित आवागमन नहीं होने के कारण यह यात्रियों के लिए उपयोगी साबित नहीं हुआ। चीका तक बसों का संचालन होने के बावजूद यहां अलग बस स्टैंड नहीं होने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। अब पटियाला रोड पर नए बस स्टैंड का निर्माण पूरा होने से लोगों की पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद है।
-
सड़क पर बसों में चढ़ने-उतरने से मिलेगी राहत
वर्तमान में चीका में बस स्टैंड की सुविधा नहीं होने के कारण बसें मुख्य मार्ग पर ही रुकती हैं। यात्रियों को सड़क के बीच बसों में चढ़ना और उतरना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। नया बस स्टैंड शुरू होने के बाद बसों के ठहराव के लिए निर्धारित जगह मिलेगी। इससे यात्रियों को सुरक्षित तरीके से बसों में चढ़ने-उतरने की सुविधा मिलेगी और मुख्य मार्ग पर जाम व अव्यवस्था से भी छुटकारा मिलेगा।
एसी वेटिंग हॉल और रैंप की मिलेगी सुविधा
करीब नौ करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस दो मंजिला बस स्टैंड में यात्रियों की सुविधा के लिए एसी वेटिंग हॉल बनाया गया है। इसके अलावा बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप की व्यवस्था भी की जाएगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह बस स्टैंड जिले में अपनी तरह का पहला बस स्टैंड होगा।
निर्माण पूरा होते ही रोडवेज को सौंपा जाएगा
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन वरुण कंसल ने बताया कि बस स्टैंड का करीब 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब केवल फर्श का काम बाकी है। निर्माण पूरा होने के बाद बस स्टैंड रोडवेज विभाग को सौंप दिया जाएगा। कैथल रोडवेज डिपो के टीएम विपुल कुमार नांदल ने बताया कि निर्माण कार्य करीब एक माह में पूरा होने की उम्मीद है। यदि काम निर्धारित समय पर पूरा हो जाता है तो दिवाली से पहले बस स्टैंड को बसों के आवागमन के लिए शुरू किया जा सकता है।