गुहला चीका (कैथल)। बीडीपीओ जगजीत सिंह को पांच लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) कैथल की टीम ने शुक्रवार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बीडीपीओ ने गांव बदसुई में पंचायती भूमि पर बने मकानों पर कार्यवाही न करने की एवज में यह रकम ले रहे थे।
गांव बदसुई निवासी संदीप सिंह ने बताया कि उनके मकानों का मामला अदालत में विचाराधीन है। इसमें कोर्ट ने फिलहाल स्टे दे रखा है। संदीप ने बताया कि स्टे होने के बावजूद बीडीपीओ जगजीत सिंह ने उनके नोटिस निकाल दिए। बीडीपीओ पांच लाख रुपये देने का दबाव बना रहा था। उसका कहना था कि पैसा नहीं मिला तो जेसीबी से मकान जमींदोज कर देगा। संदीप ने बताया कि उसने मामले की शिकायत एसीबी कैथल में की थी।
एसीबी के इंस्पेक्टर सूबे सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद एक टीम गठित की गई और संदीप को रंग लगे नोट देकर भेजा गया। संदीप सिंह ने बीडीपीओ को उनके कार्यालय में रिश्वत दी उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। बाद में हाथ धुलवाने पर उसके हाथों में रंग पाया गया। संवाद