संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नए साल पर शहर के हर चौक-चौराहों पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। रात को भी पुलिस की गश्त जारी रही। नाकों पर आने-जाने वाले वाहन चालकों को रोक कर जांच की गई। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रही। सभी थाना क्षेत्र की सीमाओं पर पुलिस वाहनों की जांच रही है।
कैथल शहर के छोटू राम चौक, ढांड रोड स्थित चौक, अंबाला रोड, जींद रोड पर वाहनों की जांच की गई। सभी थाना प्रबंधकों ने अपने- अपने क्षेत्र में पुलिस की गश्त रखी। रात को स्पेशल पुलिस गश्त पर रही। होटल संचालकों को निर्देश हैं कि वे बिना पहचान पत्र (आईडी) के किसी भी व्यक्ति को कमरे में न ठहरने दें। इसके साथ ही, यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति होटल में रुकता है या किसी प्रकार की असामान्य गतिविधि दिखती है, तो तुरंत पुलिस को सूचित किया जाए।
स्वागत में मनाया जश्न, जमकर मचाया धमाल
कैथल। नववर्ष 2026 के स्वागत के लिए जिले के लोगों में वीरवार को उत्साह रहा। नए साल के जश्न के लोगों ने जश्न मनाया। उधर, साईं मंदिर में भी नव वर्ष की पूर्व संध्या पर जुटे भक्त देर रात तक भक्ति की गंगा में डूबे दिखाई दिए। होटलों व रेस्टोरेंट में नए साल की पूर्व संध्या पर लोगों ने जमकर धमाल मचाया। इस दौरान डीजे की थाप पर भी लोग खूब झूमे। कई होटलों में भी युवाओं ने धमाल मचाया। शहर के मुख्य पद्मा सिटी मॉल में भी काफी अधिक संख्या में नए साल के स्वागत को लेकर लोग उमड़े। होटलों में स्पेशल डिनर के साथ डीजे का भी विशेष प्रबंध किया गया था। लोगों ने देर रात तक सोशल मीडिया में भी एक-दूसरे को नववर्ष की बधाई दी। संवाद