कैथल। आस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर एक व्यक्ति से 14 लाख रुपये ठग लिए। सिविल लाइन पुलिस में कुलतारण निवासी जयवीर की शिकायत पर गांव ढ़ाबी निवासी राजेश के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया।
शिकायतकर्ता की आरोपी राजेश के साथ जान पहचान फेसबुक के माध्यम से अगस्त 2019 में हुई। एक दिन आरोपी ने शिकायतकर्ता को कहा कि वह विदेश भेजने का काम करता है। उसका दिल्ली में कार्यालय है। वह उसे आस्ट्रेलिया में 14 लाख रुपये में भिजवा देगा। आधे रुपये पहले देने होंगे। शेष रुपये काम होने के बाद दे देना।
उसके बाद 26 अगस्त 2019 को आरोपी ने शिकायतकर्ता को संदेश भेजा कि वह ऑस्ट्रेलिया में भेजने का काम शुकू कर रहा है। उसके खाते में पैसे डलवा दो। आरोपी ने अपने दिल्ली कार्यालय का खाता भेज दिया। वह खाता सुभांशू के नाम से था। उसमें उसने चार लाख रुपये डाल दिए। दूसरे खाते में दो लाख डाले। तीन सप्ताह बाद फिर आरोपी का संदेश आया कि आस्ट्रेलिया का काम हो गया बाकि बचे हुए रुपये खाते में डाल दे।
उसने आठ लाख रुपये कैथल बस स्टैंड के सामने हनुमान वाटिका में बुलाया और उसके बाद दोनों हनुमान वाटिका में मिले और वहीं पर आठ लाख रुपये राजेश को दे दिए। काफी समय तक उसने शिकायतकर्ता को विदेश नहीं भेजा। संदेश व फोन का कोई जवाब नहीं दिया। कई दिनों तक शिकायतकर्ता आरोपी के घर और दिल्ली कार्यालय में मिलने की कोशिश की, लेकिन कोई संपर्क नहीं हुआ। सिविल लाइन थाना प्रभारी बीरभान ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।