संवाद न्यूज़ एजेंसी
ढांड। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि महाविद्यालय कौल में हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य वक्ता समाज सुधारक राजेश कुमार ने भारतीय संविधान में नागरिकों के मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने विशेष रूप से भारतीय संविधान में महिलाओं के अधिकारों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि समाज में शोषण और उत्पीड़न का मुख्य कारण जाति प्रथा है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में डॉ.आंबेडकर की असाधारण शिक्षा और विद्वता पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि हिसार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कंबोज ने भारत रत्न डाॅ. भीमराव आंबेडकर के जीवन और राष्ट्र एवं संविधान के प्रति उनके अतुलनीय योगदान पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय संविधान के निर्माता थे और उन्होंने राष्ट्र ,नागरिकों तथा समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने भारतीय संविधान में समानता,स्वतंत्रता, बंधुत्व और सामाजिक न्याय के प्रावधानों की भी चर्चा की। जिससे प्रत्येक नागरिक को संवैधानिक अधिकार प्राप्त होते हैं।
उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि डॉ. आंबेडकर स्वतंत्र भारत के पहले विधि मंत्री थे और उन्होंने भारतीय संविधान को सामाजिक न्याय और समानता का आधार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का उद्देश्य विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों और संकाय सदस्यों को भारतीय संविधान में निहित अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।