गोपाल देशी घी का मार्का लगाकर नकली घी सप्लाई करने और लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर आर्थिक नुकसान पहुंचाने वाले फैक्टरी के अज्ञात मालिक के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। सीएम फ्लाइंग द्वारा फैक्टरी में छापेमारी के दौरान नकली घी मिलने की शिकायत पर पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई है। फैक्टरी से 2243 लीटर नकली घी बरामद किया गया है।
सीएम फ्लाइंग के इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने सिविल लाइन पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 अक्टूबर को उन्हें कैथल में शेरगढ़ रोड पर नकली देसी घी बनाकर सप्लाई करने की शिकायत मिली थी। इसकी जांच के लिए वे खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव शर्मा के साथ फैक्टरी में पहुंचे। फैक्टरी में काम कर रहे दो व्यक्ति सरकारी गाड़ी को देखकर मौके से भाग गए।
अंदर जाकर देखा तो काफी मात्रा में तैयार किया जा चुका नकली देशी घी मिला, जिसमें से काफी की पैकिंग की गई थी। इस पर गोपाल देशी घी का मार्का लगा हुआ था। फैक्टरी के अंदर ही घी तैयार करने की व पैकिंग करने की मशीनें लगी हुई मिली। शिकायतकर्ता ने बताया कि सत्यम फूड इंडस्ट्रीज के मालिक द्वारा खुद को फायदा पहुंचाने के लिए अवैध रूप से नकली घी तैयार किया जा रहा था जो आदमी को आर्थिक नुकसान व स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव डाल रहा था।
सिविल लाइन थाना एसएचओ गुरविंद्र सिंह ने बताया कि मामले में पुलिस ने फैक्टरी के मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी जांच की जा रही है।