संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गांव कैलरम के खिलाड़ियों ने गांव में सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त आधुनिक खेल स्टेडियम बनाए जाने की मांग उठाई है। युवाओं का कहना है कि गांव में पंचायती भूमि की कोई कमी नहीं है, लेकिन इसके बावजूद खेल सुविधाओं के विकास की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा। उनका कहना है कि यदि गांव में बेहतर खेल मैदान और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, तो युवा खेलों में आगे बढ़कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।
गांव के युवा जगदीप और सतीश ने बताया कि गांव के पास पर्याप्त पंचायती जमीन उपलब्ध है, लेकिन ग्राम पंचायत की ओर से खेल स्टेडियम के निर्माण के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण युवाओं को खेल के लिए बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए, ताकि वे अपनी प्रतिभा को निखार सकें।
गांव के सरपंच प्रतिनिधि नरेश कुमार ने बताया कि उन्होंने कई बार स्थानीय विधायक और पंचायत मंत्री के समक्ष गांव में खेल स्टेडियम बनाने की मांग रखी है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि सरकारी स्तर पर सुविधा नहीं मिलने के कारण गांव के युवाओं ने अपने प्रयासों से एक अस्थायी खेल मैदान तैयार किया हुआ है, जहां वे नियमित रूप से अभ्यास करते हैं।
ग्रामीणों और युवाओं ने सरकार व प्रशासन से मांग की है कि गांव कैलरम में शीघ्र आधुनिक खेल स्टेडियम का निर्माण कराया जाए, ताकि युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें और वे खेलों के माध्यम से अपने भविष्य को नई दिशा दे सकें।
कैलरम ने युवाओं द्वारा तैयार किया गया अस्थाई खेल मैदान। संवाद