संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आयुष विभाग ने बुधवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में गांव फरल, सौंगरी गुलियाणा, सेरधा, भाणा, गोहरां के राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय में बुजुर्गाें के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर में बुजुर्गों के स्वास्थ्य की जांच की।
नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच में मधुमेह, रक्तचाप, पेशाब, अन्य खून की जांच एवं चिकित्सक द्वारा बीमारी को ठीक करने हेतु परामर्श एवं नि:शुल्क आयुष औषधियों का वितरण किया। आयुष विभाग से डॉ. शकुंतला दहिया, डॉ. रमेश कुमार, डॉ. प्रदीप शर्मा ने बताया कि बारिश का मौसम होने के कारण हमें अपने खान-पान पर विशेष ध्यान रखना चाहिए। बीमार व्यक्ति को पानी उबालकर ठंडा होने पर पीना चाहिए। हल्का तथा सुपाच्य भोजन करना चाहिए।
बीमार व्यक्ति को बाजार से बने पकवान में मिठाइयों से दूर रहना चाहिए, बीमार व्यक्ति को आसानी से पच सके वही भोजन करना चाहिए। एक जगह पानी को इकट्ठा नहीं रहने देना चाहिए, रात को बाहर सोने का परहेज करना चाहिए, अगर बाहर सोना ही ही है तो मच्छरदानी लगाकर सोना चाहिए। इस अवसर पर आयुष योग सहायकों द्वारा शिविर में आए बुजुर्गों को कमर दर्द, जोड़ों के दर्द हेतु सूक्ष्म व्यायाम, पाचन तंत्र, दिल एवं दिमाग के संतुलन हेतु प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास करवाया गया। दिनचर्या में योग को शामिल करने की अपील भी की और आयुर्वेदिक फार्मासिस्टों द्वारा आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गई।