संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खेड़ी गुलाम अली में क्लस्टर स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इसमें क्लस्टर के सभी स्कूल मुखिया ने भाग लिया। इस मौके पर अध्यापकों से शत-प्रतिशत नामांकन के लिए प्रयास करने का आह्वान किया गया।
डीडीओ हरपाल सिंह ने बैठक की शुरुआत स्लोगन से करते हुए कहा कि खेड़ी क्लस्टर ने ठाना है, हर बच्चे को सरकारी स्कूल में लाना है। उक्त नारे को सार्थक करने के लिए हम सभी को स्कूलों में एक अप्रैल के दिन प्रवेश उत्सव, गैर बोर्ड कक्षाओं का परीक्षा परिणाम देना, सभी बच्चों को अगली कक्षा में ट्रांजिट करना, एमआईएस पर नामांकन करने के साथ पीटीएम, एसएमसी और पंचायत के साथ बैठक कर दाखिला को ज्यादा से ज्यादा बढ़ाने का प्रयास करना रहेगा।
उन्होंने कहा कि सभी स्कूल मुखिया नामांकन बढ़ाने के लिए एसएमसी सदस्यों, पंचायत सदस्यों को साथ लेकर सुबह डोर टू डोर जाकर बच्चों के अभिभावकों से मिलें और उन्हें स्कूलों में मिलने वाली सरकारी सुविधाओं के बारे में जानकारी दें और नामांकन बढ़ाए। नामांकन बढ़ाने के लिए रैलियां, पोस्टर, पेम्प्लेट्स, प्रवेश अभियान रैलियां निकाले। सभी घरों में डोर टू डोर नामांकन की दस्तक दे।
उन्होंने कहा कि ड्रॉपआउट को जीरो स्तर पर लाने के लिए उनकी पहचान कर नामांकन करे। क्लस्टर में दूसरे प्रदेश के रहने वाले बच्चों का भी नामांकन करने में देरी न करें। सरकार द्वारा बच्चों की शिक्षा और सर्वांगीण विकास के उद्देश्य के चलते सभी बच्चों को स्कूल में लाना सभी शिक्षकों का प्राथमिक उद्देश्य रहेगा।
अध्यक्षता क्लस्टर मुखिया हरपाल सिंह ने की। इस बैठक में गोहरा के प्राचार्य हरदयाल अरोड़ा, प्राध्यापक सचिन धीमान, सतविंदर कौर, एबीआरसी कुसुम, अनिल कुमार, पाला राम, अमित धीमान, श्रीभगवान, बलविंदर सिंह, रामभज, गुरनाम, विनोद कुमार, नवीन शर्मा, सुरेश कुमार व अन्य उपस्थित रहे।