संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका, कैथल। नशा मुक्त हरियाणा मुहिम के तहत पुलिस की टीमों ने सदरहेड़ी, बलबेहड़ा, चीका, सैर, हरिगढ़ किंगन, पीडल गांव में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने लोगों से नशा मुक्त समाज मुहिम में अहम योगदान देकर इस जन आंदोलन का रूप देने में सहयोग का आह्वान किया।
जागरूकता टीम में शामिल इंस्पेक्टर रामलाल, एएसआई ओमप्रकाश, एचसी सुनील कुमार व होमगार्ड शमशेर सिंह शामिल रहे। एसपी राजेश कालिया ने कहा कि इस दौरान पुलिस टीम ने आमजन को बताया कि नशा समाज का दुश्मन है। इसलिए समाज से नशे को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए सभी ग्राम पंचायतें, सामाजिक संस्थाएं व युवा क्लब अपनी अग्रणी भूमिका निभाएं, ताकि समाज को पूरी तरह से नशा मुक्त किया जा सके। प्रत्येक व्यक्ति पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ चलाई जा रही है।
पुलिस की विभिन्न टीमों ने नशा तस्करों पर दिन प्रतिदिन प्रहार कर रही हैं, जिसके तहत नशा तस्करों पर शिकंजा कसा जा रहा है और युवाओं को विभिन्न खेल गतिविधियों व कार्यक्रमों के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूक भी किया जा रहा है, लेकिन इस अभियान को शत-प्रतिशत कामयाब बनाने के लिए आमजन का सहयोग जरूरी है।
युवाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए नशे के खिलाफ हम सबको मिलकर आवाज उठानी होगी, ताकि समाज से इस बुराई को जड़ से खत्म किया जा सके। पुलिस न केवल नशा को खत्म करने की दिशा में पूरा प्रयास कर रही है, बल्कि जो व्यक्ति नशे से पीड़ित हैं, उनके इलाज में भी सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति के इस अभियान में आमजन की भागीदारी जरूरी है, इसलिए नशा मुक्त समाज बनाने के लिए आमजन पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और दोषी व्यक्ति का पक्ष न लें।
हम सबको आज ही नशा को खत्म करने का संकल्प लेना होगा, इसकी शुरुआत स्वयं से व अपने परिवार से करनी होगी। अभिभावक बच्चों को अच्छे संस्कार दें, ताकि वे नशे से दूर रहें और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोगी बन सकें।
सर्च ऑपरेशन के तहत 150 संदिग्ध घरों में की जांच
कैथल। नशा तस्करों की धरपकड़ के लिए मंगलवार को 150 पुलिस कर्मचारियों व अधिकारियों ने गुहला, कलायत और पूंडरी क्षेत्र में 150 संदिग्ध घरों की जांच की। इस टीम में एसएचओ थाना पूंडरी इंस्पेक्टर रमेश कुमार, एसएचओ थाना गुहला एसआई रामपाल, एसएचओ कलायत एसआई जयभगवान की 10 टीमें शामिल रहीं।
घरों की जांच करते हुए छानबीन की गई कि कहीं किसी जगह कोई मादक पदार्थ छीपा रखा हो या कोई नशा बेचने वाला या आपराधिक कार्य करने वाला गैर कानूनी तरीके से न रहता हो। एसपी राजेश कालिया ने बताया कि कैथल पुलिस लगातार नशा तस्करों का पुराना रिकॉर्ड खंगालकर व गुप्त सूचना के आधार पर निरंतर यह कार्रवाई कर रही है।
इस अभियान में मुख्य रूप से नशे का कारोबार करने वालों और आपराधिक कार्यों में शामिल आरोपी जो गैर कानूनी तरीके से रह रहे हों पर शिकंजा कसना है, जिला पुलिस का उद्देश्य कैथल जिला को नशा मुक्त बनाना है। संवाद