कैथल। गांव गुहणा में पैसों के लेन-देन में चल रही पुरानी रंजिश के कारण एक व्यक्ति पर हमला कर दिया। शिकायतकर्ता महाबीर सिंह के अनुसार वे अपने बेटे के साथ खेत में जुताई कर रहे थे, तभी उनका भाई कृष्ण और भतीजा हरदीप ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचे और रास्ता रोककर हमला कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ट्रैक्टर के आगे ट्रैक्टर अड़ाकर रोका रास्ता
पुलिस को दिए बयान में गांव गुहणा निवासी 45 वर्षीय महाबीर सिंह ने बताया कि वे खेतीबाड़ी करते हैं और उनके तीन भाई हैं। उनके और बड़े भाई कृष्ण के बीच पैसों के लेन-देन की पुरानी रंजिश चली आ रही है। महाबीर सिंह के अनुसार 21 अक्तूबर को सुबह करीब 10:30 बजे वे अपने बेटे अंकित के साथ खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। ट्रैक्टर उनका बेटा चला रहा था, जबकि वह पीछे लगी हैरो खोल रहे थे। इस दौरान उनका भाई कृष्ण और भतीजा हरदीप खेत में पहुंचे और अपने ट्रैक्टर को उनके ट्रैक्टर के आगे अड़ाकर रास्ता रोक लिया।
गंडासी और लाठी से हमला करने का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि दोनों ने नीचे उतरकर ललकारा। इसके बाद कृष्ण ने अपने हाथ में पकड़ी गंडासी से उनके सिर पर वार किया। वार उल्टा लगने के बावजूद उनका सिर फट गया। वहीं हरदीप ने लाठी से हमला किया जिससे उनके कंधे और छाती पर चोटें आईं। महाबीर सिंह के मुताबिक शोर मचाने पर दोनों आरोपी अपने हथियारों सहित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।