सर्व ब्राह्मण धर्मशाला में समाज के लोग बैठक करते हुए। विज्ञप्ति
कैथल। जिला सर्व ब्राह्मण धर्मशाला में प्रधान विक्की शर्मा की अध्यक्षता में ब्राह्मण समाज की बैठक आयोजित की गई। इसमें समाज की एकता, संगठन विस्तार और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। बैठक में प्रदेश एवं विभिन्न जिलों से आए समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लेते हुए सामाजिक समरसता और संगठनात्मक मजबूती का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष जिले सिंह पिचोलिया ने कहा कि वर्तमान समय में समाज की सबसे बड़ी आवश्यकता एकजुटता है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज ने सदैव राष्ट्र निर्माण, शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण में अग्रणी भूमिका निभाई है। समाज के सभी वर्गों को व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर संगठन के हित में कार्य करना चाहिए, तभी समाज और अधिक सशक्त बन सकेगा।
विशिष्ट अतिथि सुरेंद्र सिंह बडौता ने कहा कि संगठित समाज ही अपने अधिकारों और दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकता है। सतीश शर्मा (पानीपत) ने कहा कि प्रदेशभर में ब्राह्मण समाज को एक मंच पर लाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने शिक्षा, रोजगार, सामाजिक उत्थान और पारस्परिक सहयोग को संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन समाज की आवाज को नई दिशा और प्रभाव प्रदान करता है। प्रधान विक्की शर्मा ने सभी अतिथियों और प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की एकता और संगठन को मजबूत करने के लिए ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। बैठक में सर्वसम्मति से गांव-गांव और जिले-जिले तक संगठन को विस्तार देने तथा समाजहित के मुद्दों पर मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया। इस मौके पर एमपी शर्मा पंचकूला, सुरेंद्र शर्मा बड़ौता, कुलदीप शर्मा, नरेश गौड़ रोहतक, मनोज त्यागी यमुनानगर, प्रवीण कौशिक गुरुग्राम, दिलबाग शर्मा, जयकिशन शर्मा, प्रवीन शर्मा, बलकिशन शर्मा, राजेंद्र शर्मा, रामकुमार शर्मा, राजबीर शर्मा तथा वीरमान शर्मा मौजूद रहे।