जींद रोड पर चुंगी के पास मिला दूसरा शव उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के बेलखारा गांव निवासी 38 वर्षीय प्रवासी मजदूर रामविलास का है, जो कैथल की खल मिल में काम करता था। पुलिस को शक है कि रामविलास की हत्या उसके ही गांव के एक अन्य मजदूर गणेश ने की।
कैथल में मंगलवार को एक ही दिन में दो युवकों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। पहला शव पार्क रोड पर विद्क्यार झील के पास और दूसरा जींद रोड पर चुंगी के पास बरामद हुआ। पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक मामले में नशे की ओवरडोज और दूसरे में हत्या की आशंका जताई जा रही है। दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन
पार्क रोड पर विद्क्यार झील के पास मिला शव शहर के 30 वर्षीय युवक दीपक का है। पुलिस का कहना है कि दीपक की मौत नशे की ओवरडोज से होने की आशंका है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भेज दिया गया है, और रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों का पता चलेगा।
वहीं, जींद रोड पर चुंगी के पास मिला दूसरा शव उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के बेलखारा गांव निवासी 38 वर्षीय प्रवासी मजदूर रामविलास का है, जो कैथल की खल मिल में काम करता था। पुलिस को शक है कि रामविलास की हत्या उसके ही गांव के एक अन्य मजदूर गणेश ने की।
विज्ञापन
डीएसपी सुशील के अनुसार, घटना सोमवार देर रात करीब 11 बजे की है, जब दोनों मजदूर एक साथ खा-पी रहे थे। इस दौरान किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। जब रामविलास सोने लगा, तब गणेश ने उसकी गर्दन पर लोहे की रॉड से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अनाज मंडी चौकी प्रभारी राजेंद्र ने बताया कि रामविलास पिछले कई वर्षों से कैथल में काम कर रहा था और अविवाहित था। आरोपी गणेश भी उसी गांव का निवासी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी गणेश के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
डीएसपी सुशील ने बताया कि दोनों मामलों की गहन जांच की जा रही है। प्रवासी मजदूर की हत्या के मामले में आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं।