केंद्रीय इस्पात मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश ने कृषि, उद्योग, खेलों में जो तरक्की की है उसका श्रेय पूर्व की सरकार व पूर्व मुख्यमंत्री न लें। उन्होंने कहा कि जो भी प्रदेश में तरक्की हुई उसका पूरा श्रेय प्रदेशवासियों की सोच व मेहनत को जाता है।
वे भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश हिंदुस्तान में एक ऐसे प्रदेश के रूप में पहचान रखता है जहां बिना किसी स्वार्थ के आपसी भाईचारे को अधिमान दिया जाता है। यहां के सभी लोग अपने लिए नहीं बराबर के भाई के लिए जीते थे। कुछ माह पूर्व प्रदेश के आपसी सौहार्द व भाईचारा में भारी कमी आई है।
आपसी विश्वास टूटे हैं प्रेम व भरोसे में कमी आई है। आखिर कौन है इसका जिम्मेदार। उन्होंने कहा कि हालात में जो परिवर्तन आया है उसके लिए प्रदेश के लोग जिम्मेदार नहीं बल्कि कुछ राजनेता हैं। बिना नाम लिए उन्होंने हालात के लिए जिम्मेदार राजनेताओं को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि उनके मन में टीस है कि भोलेभाले लोगों को किस तरह से बरगला कर प्रदेश के सौहार्दपूर्ण वातावरण को किस प्रकार से दूषित कर दिया गया। भाजपा का कमल बेशक जीटी बैल्ट में खिला हो पर जींद, कैथल, फतेहाबाद, हिसार बेल्ट की अनदेखी नही की जा सकती। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश से जातपात की राजनीति को समाप्त करने व सामाजिक तानाबाना को मजबूत कर भाजपा को इस बेल्ट में भी सर्वशक्तिमान बनाने के लिए उनके पूरे प्रयास रहेंगे। इसी आधार को लेकर उन्होंने जींद में हरियाणा बढ़ेगा हम बढ़ेंगे थीम को लेकर रैली का आयोजन किया है जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मौजूद रहेंगे।
सिंह ने कहा कि दो वर्ष जींद रैली में ही शाह ने मंच के माध्यम से ऐलान किया था कि वे जो कहते है उसको करके दिखाते हैं। उन्होंने करके दिखाया भी तथा उनको केवल 40 दिनों में वो मान दिया जो कांग्रेस ने 40 वर्षों में भी नही दिया। अब दो वर्षों के बाद जींद में ही रैली के करके वे अपने लिए नही बल्कि प्रदेश के लिए मांगेंगे। विकास से वंचित जींद, कैथल, हिसार, फतेहाबाद आदी जिलों के विकास के लिए मांग करेंगे। रैली के माध्यम से वे प्रदेश में बिगड़े सौहार्दपूर्ण वातावरण व आपसी भाईचारे को बनाने के लिए प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वे कलायत हलका को अपना हलका मानते हैं। जिला जींद के हलकों के साथ कलायत हलका को भी जोड़ कर चलते हैं। कलायत हलका से वे रैली में भारी भीड़ नही केवल 20 हजार लोगों की हाजिरी मांगते हैं जिस पर बैठक में मौजूद लोगों ने दोनों हाथ ऊपर उठा कर अपनी स्वीकृति की मुहर लगा दी।
छौंक लगाने में मीडिया भी पीछे नही
प्रदेश में पिछले दिनों आपसी स्नेह व सौहार्द में आई कमी व टूटे जीवन के मूल्यों के लिए राजनेता तो पूरी तरह से जिम्मेवार हैं ही साथ ही छौंक लगाने में मीडिया भी पीछे नही है। हम सभी के सांझे प्रयास होने चाहिए की प्रदेश में अमन चैन, भाईचारा, आपसी विश्वास व जीवन मूल्यों को बना कर रखें।
जींद रैली तोड़ेगी अपने ही पूर्व के रिकार्ड
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मपाल शर्मा ने कहा कि जींद में 11 सितंबर को होने वाली रैली उपस्थिति के मामले में अपने ही रिकार्ड तोड़ेगी। उन्होंने कहा कि कलायत हलका से रैली में भारी संख्या में लोग अपने ही वाहनों से रैली में पहुंचेंगे।
मुख्य मंत्री का लेकर आया हूं पैगाम
बैठक में पहुंचे सीपीएस बख्शीश सिंह विर्क ने कहा कि वह आप लोगों के बीच मुख्यमंत्री का पैगाम लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्वयं संदेश भेजा है कि कलायत हलका के लोगों ने जिस तरह से 13 अगस्त की रैली में भारी संख्या में पहुंच कर रिकार्ड बनाया था उसी तरह से ही 11 सितंबर की जींद रैली में पहुंचें। विर्क ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व में आज प्रदेश समान रूप से विकास कर रहा है।
बैठक में भाजपा नेता धर्मपाल शर्मा, सीपीएस बख्शीश सिंह विर्क, मंडी के पूर्व प्रधान जयप्रकाश मित्तल, पूर्व विधायक मास्टर जोगी राम, मंडी प्रधान रणधीर चहल, विनोद सिंगला पिल्लूखेड़ा, गुरुनाम सिंह जुलानीखेडा, सुमन राणा, अन्नू राणा राजौंद, सुरेश शर्मा, मौनी शर्मा, मैनपाल राणा, राजू कौशिक, रवींद्र धीमान, भाजपा मंडल अध्यक्ष राममेहर शर्मा, संजीव राणा, अनेक गांवों के सरपंच, पंच मौजूद रहे।