संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। हिसार के सांसद व पूर्व मंत्री चौधरी वीरेंद्र सिंह के पुत्र बिजेंद्र सिंह ने ‘मेरी आवाज सुनो रैली’ के समर्थन के लिए कलायत हलके में बाइक रैली निकाली। इस दौरान संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यदि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा-जजपा का गठबंधन रहता है तो इसका नुकसान भाजपा को होगा।
यह रैली कलायत उपमंडल के शिमला, मटौर, चौशाला, रामगढ़, खरक पांडवा गांव से होकर सजूमा पहुंची और वहां से कुराड़ होकर जींद में प्रवेश कर गई। कलायत में राजपूत समाज ने सांसद के कलायत आगमन को लेकर विरोध की योजना बनाई थी। इस कारण बाइक रैली को कलायत में आने नहीं दिया और उसे खरक पांडवा से गांव सजूमा की तरफ भेजा गया।
चौशाला गांव में सांसद ने कहा कि दो अक्तूबर को जींद के एकलव्य स्टेडियम में होने वाली मेरी आवाज सुनो रैली गैर राजनीतिक है। रैली में किसी भी पार्टी का झंडा या निशान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि विकास को लेकर दशकों से बांगर क्षेत्र के साथ भेदभाव किया है उसको लेकर रैली में मंथन होगा और विशेषज्ञों द्वारा अपने विचार रखे जाएंगे।
भाजपा-जजपा गठबंधन पर बोलते हुए सांसद ने कहा कि किसी समय में गठबंधन का औचित्य रहा होगा पर आज इस गठबंधन की कोई आवश्यकता नहीं है। प्रदेश में जजपा की राजनीतिक जमीन पूरी तरह से खिसक चुकी है। इंडिया गठबंधन पर बोलते हुए कहा कि भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए अनेक दल एकत्रित तो हुए हैं पर ये दल आपस में जुड़े रहेंगे या नहीं यह फिलहाल भविष्य के गर्भ में है।