संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आरकेएसडी महाविद्यालय में आईईसी सेल और स्टार्टअप सेल की संयुक्त रूप से आयोजित बिजनेस प्लान प्रतियोगिता में भारती, लीना और ख्याति की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल के संबोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने तथा रोजगार सृजक बनने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता का संचालन आईईसी सेल की कन्वीनर डॉ. रचना सरदाना और स्टार्टअप सेल के कन्वीनर डॉ. विनय सिंघल ने किया। दोनों ने छात्रों को व्यवसाय योजना बनाने की प्रक्रियाओं और आवश्यकताओं पर मार्गदर्शन दिया। प्रतियोगिता में कुल 10 टीमों ने तकनीकी, सामाजिक और स्थानीय जरूरतों पर आधारित योजनाएँ प्रस्तुत कीं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए नवोन्मेषी विचारों में नम सिरिंज, प्लास्टिक-रहित रोटी रैपर्स, हाइजीनिक किचन, योगा व मेडिटेशन ऐप जैसी योजनाएँ विशेष आकर्षण रहीं। निर्णायक मंडल में डॉ. अजय शर्मा, डॉ. रचना सरदाना और डॉ. सूरज वालिया शामिल रहे। मूल्यांकन नवाचार, व्यावहारिकता, प्रस्तुति शैली और प्रभावशीलता के आधार पर किया गया। प्रतियोगिता में मनीष, अजय और महकमीत की टीम द्वितीय और लीना यादव, पूजा, युवराज व मालिक की टीम तृतीय स्थान पर रही।
स्टार्टअप सेल के कन्वीनर डॉ. विनय सिंघल ने बताया कि विद्यार्थियों को स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के लिए आने वाले दिनों में और प्रशिक्षण सत्र, वर्कशॉप और मेंटरशिप कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। डॉ. रचना सरदाना ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों को बाजार आधारित कौशल प्रदान करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। महाविद्यालय प्रबंधक समिति के अध्यक्ष अश्वनी शोरवाला ने इस तरह के आयोजनों को आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम का समापन करते हुए डॉ. सूरज वालिया ने निर्णायकों, प्रतिभागियों और आयोजन समिति का धन्यवाद किया।