संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह ने बताया कि बारिश के मौसम में डेंगू जैसी मच्छर जनित बीमारियों के फैलने की संभावना अधिक होती है। हरियाणा सरकार ने एलिसा एनएस-1 डेंगू जांच की दर 600 रुपये निर्धारित की है। यदि निजी अस्पताल इससे अधिक शुल्क वसूलते पाए गए तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आमजन को जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग विशेष अभियान चला रहा है। उन्होंने बताया कि सरकारी अस्पतालों में डेंगू जांच की सुविधा उपलब्ध है तथा भर्ती मरीजों को प्लेटलेट्स नि:शुल्क दिए जा रहे हैं। यदि प्लेटलेट्स निजी अस्पताल से लेने पड़ें तो उसका खर्च प्रदेश सरकार वहन करेगी। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को डेंगू के लक्षण और बचाव उपायों की जानकारी दे रही हैं।
एसडीएम ने कहा कि मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और जापानी बुखार जैसे रोगों का खतरा बारिश के दौरान अधिक रहता है। मच्छरों के संभावित हॉट स्पॉट की पहचान कर सफाई अभियान चलाना जरूरी है। उन्होंने अपील की कि प्रत्येक रविवार को ड्राई डे मनाएं और घर, ऑफिस या निर्माण स्थल पर पानी जमा न होने दें। पुराने टायरों, गमलों और अन्य बर्तनों में पानी इकट्ठा न होने दें। स्वास्थ्य विभाग की एसएमओ डॉ. प्रीति सिंगला ने बताया कि गुहला-चीका में अभी डेंगू का कोई केस सामने नहीं आया है, लेकिन सतर्क रहना जरूरी है। मच्छर जनित बीमारियों के लक्षण दिखने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में टेस्ट करवाएं। बताया कि निजी अस्पतालों में एलिसा एनएस-1 जांच के लिए 600 रुपये से अधिक शुल्क लेने पर कार्रवाई की जाएगी।
मच्छरों से बचाव के सरल उपाय
डॉ. प्रीति सिंगला ने बताया कि घर व आसपास पानी जमा न होने दें। प्रत्येक रविवार को ड्राई डे मनाएं और कूलर, फूलदान, पशु-पक्षियों के पानी के बर्तनों व हौदियों को सुखाकर ही दोबारा पानी भरें। यदि कूलर प्रयोग में नहीं है तो उसे साफ कर सुखाकर रखें। पानी भरे गड्ढों को मिट्टी से भरें या उनमें हर सप्ताह काला तेल डालें। बचाव के लिए पूरी बाजू के कपड़े पहनें, सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें तथा दरवाजों-खिड़कियों पर जाली लगाएं।
बीमारियों के लक्षण
n
डेंगू : तेज बुखार, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, गुलाबी चकत्ते, उल्टी, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द, मसूड़ों या नाक से खून आना।
n
मलेरिया : ठंड लगना, कंपकंपी के साथ बुखार, पसीना आना, शरीर दर्द, सिरदर्द और उल्टी।
n चिकनगुनिया: अचानक तेज बुखार, जोड़ों में अत्यधिक दर्द व अकड़न, सिरदर्द, उल्टी और गुलाबी चकत्ते।
n
जापानी बुखार : अचानक तेज बुखार, उल्टी, जोड़ों में दर्द, दौरे पड़ना और शरीर में अकड़न।