सत्र न्यायाधीश ने किया शुभारंभ
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
जिला बार एसोसिएशन की सारी जानकारी अब एक क्लिक पर आपके हाथ में होगी। इसके लिए एसोसिएशन ने कैथल बार एसोसिएशन एप बनाया है। मंगलवार को सत्र न्यायाधीश शालिनी सिंह नागपाल ने इस एप का शुभारंभ किया। बार रूम में प्रधान अशोक गौतम की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पूरी कार्यकारिणी सहित बार सदस्यों ने भाग लिया।
प्रधान अशोक गौतम ने न्यायाधीशों का स्वागत करने के उपरांत बताया कि इस एप के जरिये शहर से बाहर के लोग भी वकीलों के बारे में जानकारी ले सकेंगे। वकीलों के अतिरिक्त इस एप में न्यायाधीशों, जिले के अधिकारियों के बारे में भी बताया गया है। वहीं एप शुरू करने के बाद जिला एवं सत्र न्यायाधीश शालिनी सिंह नागपाल ने कहा कि यह एप वकीलों के साथ-साथ मुवक्किलों के लिए भी लाभकारी साबित होगी। उन्होंने सुझाव दिया कि इस एप में रोजाना के कोर्ट केसों के बारे में तथा कोर्ट कार्रवाई के बारे में भी जानकारी दी जानी चाहिए। इस एप के साथ यदि कोर्ट के रीडरों को भी जोड़ा जाए तो वकीलों को अपने केसों के बारे में जानकारी हासिल करने में आसानी रहेगी।
गौतम ने सेशन जज के सुझावों पर अमल करने की बात कही। साथ ही कहा कि वकीलों के केस लिस्ट को भी इसमेें अपडेट किए जाने का प्रावधान हो तो सभी को लाभ मिलेगा। मोबाइल फोन के प्ले स्टोर में कैथल बार एसोसिएशन के नाम से यह एप डाउनलोड की जा सकती है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में कैथल दूसरा जिला है जहां वकीलों की मोबाइल एप लांच की गई है। इससे पूर्व कुरुक्षेत्र इस सुविधा से जुड़ चुका है। उन्होंन बताया कि कैथल की बार में सबसे पहले वाई-फाई सेवा शुरू की गई थी। इसके अलावा यहां वाटर ट्रीटमेंट सिस्टम भी लगाया जा चुका है। इस अवसर पर सभी ज्यूडिशियल आफिसर और वकील उपस्थित थे।