कैथल। 10 माह की जद्दोजहद के बाद लगाया गया रात्रिकालीन सफाई का टेंडर भी होल्ड हो गया है। इसे आज या कल में खोला जाना था लेकिन विभाग मुख्यालय से पत्र जारी कर सभी नगर परिषदों और नगर पालिकाओं में सड़कों की सफाई के हर तरह के टेंडर लगाने पर रोक लगा दी गई है। आदेश में यहां तक कहा गया है कि जो टेंडर छोड़ दिए गए हैं, उनके लिए वर्क ऑर्डर भी जारी न किए जाएं।
विदित हो कि कैथल शहर में करीब आठ माह पहले रात्रिकालीन सफाई के लिए टेंडर रद्द किया गया था। इसके बाद एजेंसी ने कोर्ट में भी केस किया था लेकिन मामला लंबित ही चलता रहा। करीब 70 कर्मचारी रात की सफाई करते थे। मौजूदा ईओ नगर परिषद कुलदीप मलिक ने काफी मशक्कत के बाद इस टेंडर के लिए आड़े आ रही परेशानियों को दूर करके इसे लगवाया था। इसे आज या कल में खोला जाना था लेकिन विभाग मुख्यालय ने अब निर्देश जारी कर दिए हैं।
ईओ नगर परिषद कुलदीप मलिक ने कहा कि सरकार ने निर्देश जारी किए हैं कि अभी सफाई के संबंध में कोई भी टेंडर न लगाया जाए। इसी आदेश के कारण रात्रिकालीन सफाई के लिए लगाया गया टेंडर अब नहीं खोला जाएगा। इसे लंबित रख लिया गया है। आदेशों में यह भी कहा गया है कि जो टेंडर छोड़े जा चुके हैं, उनके लिए वर्क ऑर्डर भी जारी न किया जाए। डोर टू डोर का टेंडर पहले ही होल्ड पर है-शहर में साफ-सफाई के लिए दो टेंडर छोड़े जाने थे। रात्रि सफाई के टेंडर के अलावा डोर टू डोर का टेंडर भी लगाया जाना था। लेकिन पिछले माह जारी हुए आदेशानुसार डोर टू डोर कचरा एकत्रित करने के कार्य का जिम्मा क्लस्टर लेवल पर दिया जाना है। इस कारण यह टेंडर भी होल्ड पर है। फिल्हाल शहर से कचरा उठवाने का काम नगर परिषद द्वारा ही करवाया जा रहा है।