कैथल। भगोड़ा पकड़ो स्टाफ ने रिक्शा-रेहड़ी चोरी में फरार चल रहे बेल जंपर आरोपी सुरजीत को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 11 अगस्त 2022 को अपने साथियों संग चक्कू लदाना में एक बाड़े का ताला तोड़कर चोरी करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत से जमानत मिल गई थी, लेकिन बाद में वह पेश नहीं हुआ और भूमिगत हो गया। न्यायालय ने 13 नवंबर 2024 को उसे पीओ (घोषित अपराधी) घोषित किया था। भगोड़ा पकड़ो स्टाफ प्रभारी एसआई ओमप्रकाश की टीम ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। संवाद
मोबाइल चोरी का आरोपी गिरफ्तार
कैथल। एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने मोबाइल चोरी के एक मामले में खरकां निवासी गोपाल राम को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, डोगरा गेट निवासी बीरबल सिंह ने शिकायत दी थी कि 25 जून को उनके क्लीनिक में चार्ज पर रखा मोबाइल कोई अज्ञात व्यक्ति चुरा ले गया। इस संबंध में थाना शहर में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान एसआई प्रदीप कुमार की टीम ने आरोपी को काबू कर उसके कब्जे से चोरीशुदा मोबाइल बरामद कर लिया। आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। संवाद