संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला स्तरीय ताइक्वांडो कप प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार को एसडी स्कूल में किया गया। सब जूनियर बॉयज वर्ग के 18 से 21 किलो भार वर्ग में आयुष ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि राजीव शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने और खेल को खेल की तरह लेने के लिए प्रेरित किया।
कोच शिव कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता में कैथल जिले के विभिन्न स्कूलों के लगभग 150 खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने अनुशासन और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। विजेता खिलाड़ी अब जिला स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में अपने-अपने स्कूलों का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मुख्य अतिथि जगतार सिंह माजरी ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर नरेंद्र पाल सिंह, सुधीर मोर, राम मेहर उपस्थित रहे। रेफरी की भूमिका सोनू रंग, इंदर कुमार, नीरज पाठक, अनिल कुमार और राजकुमार ने निभाई।
प्रतियोगिता के दौरान स्कूल की प्राचार्य कर्मजीत कौर ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि खेल न केवल शारीरिक विकास करते हैं, बल्कि मानसिक मजबूती और अनुशासन भी सिखाते हैं।
क्रिकेट टूर्नामेंट में तीसरे चरण की शुरुआत
पुलिस लाइन मैदान में जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे चरण की शुरुआत हुई। यह टूर्नामेंट ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है। आठ टीमों के बीच कुल चार मुकाबले होंगे। शनिवार को पहला मुकाबला कैथल सुपर जेंट्स और चैंपियन फॉर एवर के बीच खेला गया। टॉस जीतकर चैंपियन फॉर एवर पहले बल्लेबाजी करने के लिए मैदान में उतरी। परिणाम की जानकारी नहीं दी गई। क्रिकेट प्रेमियों ने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। तीसरे चरण का दूसरा मुकाबला आई हेट पॉलिथीन इलेवन और कैथल टीम के बीच खेला जाएगा। तीसरा मुकाबला सुपर प्रीमियम इलेवन और प्रिंस के बीच, जबकि चौथा मुकाबला इरिगेशन डिपार्टमेंट इलेवन और एजुकेशन डिपार्टमेंट इलेवन में खेला जाएगा।