संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। इनर व्हील क्लब कैथल शाइनिंग स्टार ने ऑरेंज द वर्ल्ड थीम के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं के प्रति होने वाली हिंसा के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रैली एवं जागरूकता सत्र का आयोजन किया। यह विश्वव्यापी अभियान यूनाइटेड नेशंस विमेन ने शुरू किया है, जो 16 दिनों तक महिला सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को केंद्र में रखकर मनाया जाता है।
कार्यक्रम गवर्नमेंट हाई स्कूल कैथल के विद्यार्थियों के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने नारी सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा और समानता से जुड़े नारे लगाकर समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।जागरूकता सत्र में क्लब सदस्यों ने विद्यार्थियों को घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, जेंडर समानता, आत्मरक्षा के महत्व और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जागरूक किया। वक्ताओं ने कहा कि “ऑरेंज द वर्ल्ड” अभियान विश्वभर में महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है और समाज को सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष ज्योति गाबा के साथ रंजू मारवाह, रूबी मिगलानी, बबीता गुप्ता, पायल मक्खड़, ऋिधि गुप्ता, पूजा किथानिया, दिव्या गर्ग, निधि मोहन, शिखा गर्ग, भारती और नेहा गर्ग उपस्थित रहीं। क्लब सदस्यों ने छात्रों को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाई।
इनर व्हील क्लब कैथल शाइनिंग स्टार की यह पहल समाज में सकारात्मक परिवर्तन और महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान को बढ़ावा देने की दिशा में सराहनीय कदम साबित हुई।
।