संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। करनाल-कैथल रोड पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से ऑटो पलटने के हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक घायल हो गया। घायल बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव काकोत निवासी हरीश कुमार ने सिविल लाइन थाना में दी शिकायत में बताया कि पंथ नगर, कैथल में उसकी मेडिकल की दुकान है। पांच मार्च को उसके पिता ओमप्रकाश उसके साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर दवाई लेने के लिए सरकारी अस्पताल कैथल आए थे। दवाई लेने के बाद उसने अपने पिता को गांव के ही देसराज के ऑटो में करनाल रोड से बैठा दिया।
शिकायत के अनुसार जब ऑटो डिफेंस कॉलोनी गली नंबर-9 के पास पहुंचा, तभी गली से तेज गति से आई एक कार ने करनाल रोड पर खड़े ऑटो को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो सवारियों सहित पलट गया। हादसे में उसके पिता ओमप्रकाश और ऑटो चालक देसराज को गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में ओमप्रकाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घायल चालक को भी उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों के अनुसार ओमप्रकाश की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है।
सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी रघुवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।