संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। टिंबर मार्केट स्थित पंजाब नेशनल बैंक की ब्रांच में चोरी का प्रयास हुआ, जिसमें आरोपी सफल नहीं हो सके। बैंक में पहुंचे अधिकारियों ने देखा कि शटर और ताले कटे हुए थे।
शाखा मैनेजर पंकज कुमार ने शहर थाना में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर को सुबह लगभग साढ़े 6 बजे उन्हें मुनीष सिक्का नामक व्यक्ति का फोन आया, जिसमें कहा गया कि बैंक का शटर कटा हुआ है। पंकज कुमार तुरंत शाखा पहुंचे और वहां पुलिस कर्मचारियों को मौजूद पाया।
जांच के दौरान बैंक के शटर और ताले कुछ जगहों से कटे हुए मिले, लेकिन अंदर का सामान सुरक्षित था। मैनेजर ने पुलिस को बताया कि अज्ञात आरोपियों ने चोरी का प्रयास किया, लेकिन इसमें सफल नहीं हुए।
शहर थाना के जांच अधिकारी अमित कुमार ने कहा कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और आवश्यकतानुसार आगे कार्रवाई की जाएगी।