कैथल। शुगर मिल कॉलोनी में रविवार देर रात बच्चों के साथ मारपीट करने से रोकना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि बच्चों को बचाने पहुंचे सोनू पर कई युवकों ने ईंटों से हमला कर दिया। सिर में चोट लगने के कारण सोनू को पांच-छह टांके लगाए गए।
शिकायत के अनुसार, रविवार देर रात उसके घर के बाहर कुछ युवक दो बच्चों के साथ मारपीट कर रहे थे। सोनू ने इसका कारण पूछते हुए बच्चों को पीटने से रोकने का प्रयास किया। इससे नाराज युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और ईंटों से हमला कर दिया। इस दौरान एक युवक ने देसी कट्टा निकालकर फायर करने का प्रयास किया लेकिन कट्टा नहीं चला। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। सोनू ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई। दो महिलाओं के हाथों पर डंडे से चोट मारी गई। घटना के बाद मौके पर 112 की गाड़ी भी पहुंची थी। एक युवक के हाथ में देसी कट्टा नजर आया था।
सिविल लाइन थाना प्रभारी रमेश ने बताया कि सोनू सैणी की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने नीरज, रोनी, जीतू, गुरदेव, रवि समेत चार अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। हमलावरों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।