संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके हुनर को बाजार तक पहुंचाने के उद्देश्य से अग्रवाल धर्मशाला चीका में महिला मल्टीपर्पज कोऑपरेटिव सोसाइटी की ओर से क्राफ्ट मेले का आयोजन किया गया। मेले में महिला उद्यमियों, हस्तशिल्प कलाकारों और छोटे कारोबारियों ने अपने हाथों से तैयार किए उत्पादों के स्टॉल लगाए। हस्तनिर्मित सामान, पारंपरिक परिधान और कलात्मक वस्तुएं लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।
मेले ने महिलाओं को अपने उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के साथ कारोबार को आगे बढ़ाने का अवसर दिया। कार्यक्रम में भाजपा के प्रभारी अमरपाल राणा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। इनके अलावा पूर्व विधायक फूल सिंह खेड़ी, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष के प्रतिनिधि राजेश शर्मा पिंटू, जिला महामंत्री जागीर सिसला, राजीव शर्मा, सुमित बंसल, महेंद्र चीमा, डॉ. सारिका लाकड़ा और डॉ. निधि बंसल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने मेले में लगे स्टॉलों का अवलोकन किया और महिला उद्यमियों से उनके उत्पादों, उन्हें तैयार करने की प्रक्रिया और कारोबार से जुड़ी जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
-
नौ साल से महिलाओं को उपलब्ध करवा रहे मंच
महिला मल्टीपर्पज कोऑपरेटिव सोसाइटी की चेयरमैन रमनदीप कौर चहल ने बताया कि सोसाइटी पिछले नौ साल से क्राफ्ट मेलों का आयोजन कर रही है। इन मेलों से महिलाओं को अपने हुनर का प्रदर्शन करने और उत्पादों को सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने का अवसर मिलता है। रमनदीप कौर चहल ने बताया कि इस वर्ष अब तक कैथल, पूंडरी, चीका और पिहोवा में चार मेले आयोजित किए जा चुके हैं। इन मेलों में महिलाओं के उत्पादों को अच्छा फीडबैक मिला है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उचित मंच, मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग मिले तो वे अपने हुनर के दम पर आत्मनिर्भर बन सकती हैं। इससे न केवल परिवार की आय बढ़ेगी, बल्कि महिलाएं समाज की आर्थिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगी।