बेहतर परिणाम और श्रेष्ठ शिक्षा के लिए आयोजित हुआ शिक्षक सेमिनार
- फोटो : सांकेतिक
राजौंद। आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखौली में विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को और अधिक ऊंचा उठाने और बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शिक्षकों के लिए एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया।
सेमिनार में विद्यालय के सभी अध्यापकों ने भाग लिया और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विद्यालय के प्राचार्य ओपी शर्मा ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि एक शिक्षक का कार्य केवल पाठ पढ़ाना नहीं बल्कि विद्यार्थियों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना भी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिक्षक को अपने विषय के साथ-साथ विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण अनुशासन और नैतिक मूल्यों के विकास पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए।
सेमिनार में विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता बढ़ाने, आधुनिक शिक्षण विधियों का प्रयोग, कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान, नियमित मूल्यांकन और बोर्ड परीक्षा की बेहतर तैयारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा किए और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए नए सुझाव प्रस्तुत किए। प्राचार्य ओपी शर्मा ने कहा कि मेहनती और समर्पित शिक्षक ही विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों से प्रत्येक विद्यार्थी की प्रगति पर व्यक्तिगत ध्यान देने और उन्हें लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रेरित करने का आह्वान किया।
सेमिनार के अंत में सभी शिक्षकों ने विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के शैक्षणिक कार्यक्रम शिक्षकों की कार्यक्षमता को बढ़ाने और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
बेहतर परिणाम और श्रेष्ठ शिक्षा के लिए आयोजित हुआ शिक्षक सेमिनार- फोटो : सांकेतिक