जिले के कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया लगातार जारी है। शनिवार को भी सैकड़ों आवेदकों ने विभिन्न कॉलेजों में दाखिले के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण करवाया। इसके अलावा कॉलेजों में टीमें बनाकर विद्यार्थियों के दस्तावेजों के सत्यापन का कार्य भी किया गया।
बीए और बीकॉम को तरजीह दे रहे आवेदक
ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण करवाते समय ज्यादातर आवेदक बीए और बीकॉम को तरजीह दे रहे हैं। इन दोनों संकायों में सबसे ज्यादा आवेदकों के पंजीकरण का एक ये भी बड़ा कारण है कि विद्यार्थी इन्हें विकल्प के तौर पर भी देख रहे हैं। अगर किसी अन्य कोर्स में दाखिले के लिए सीट नहीं मिलती है तो इन दोनों कोर्सों में दाखिले की संभावना सीटें अधिक होने की वजह से ज्यादा हैं।
राजकीय महाविद्यालय में बीकॉम में सबसे ज्यादा पंजीकरण
डॉ. बीआर आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. सुनीता अरोड़ा ने बताया कि कॉलेज में बीकॉम के लिए 146, बीएससी नॉन मेडिकल के लिए 136, बीए के लिए 110 व बीसीए के लिए 74 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनके अलावा बीबीए के लिए 60, बीएससी मेडिकल के लिए 27, बीएएमसी के लिए 29 व बीटीएम में दाखिले के लिए 22 ने पंजीकरण करवाया है।
कन्या महाविद्यालय चीका में आवेदनों की स्थिति
कन्या महाविद्यालय चीका के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र अरोड़ा ने बताया कि कॉलेज में बीए संकाय में अब तक 676 छात्राएं आवेदन कर चुकी हैं। इसके अलावा बीएएमसी के लिए 41, बीकॉम के लिए 35 व बीटीएम के लिए 32 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। बीएससी नॉन मेडिकल में 23 व बीएससी मेडिकल में 9 छाक्षओं ने अब तक आवेदन किया है।
आईजी कॉलेज में अब तक हुए आवेदन
इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्या आरती गर्ग ने बताया कि 21 अगस्त तक कॉलेज के विभिन्न संकायों में 1071 छात्राएं ऑनलाइन आवेदन करवा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि बीए में 779, बीए सांयकालीन सत्र में 09, बीएएमसी में 02, बीकॉम में 149, बीकॉम सायंकालीन सत्र में 05, बीसीए में 19, बीएससी मेडिकल में 22 व बीएससी नॉन मेडिकल में 86 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
आरकेएसडी कॉलेज में दाखिला प्रक्रिया के इंचार्ज डॉ. अनिल नरुला एवं कॉलेज में नोडल अधिकारी डॉ. सूरज वालिया ने बताया कि कॉलेज में आवेदनों के साथ-साथ सत्यापन का कार्य भी जारी है। शनिवार को 1000 विद्यार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन करवाया गया। उन्होंने बताया कि बीए में 1710, बीकॉम में 391, बीएसी नॉन मेडिकल में 232, बीसीए में 85, बीबीए में 78, बीएसी मेडिकल में 55, बीवोक में 04, बीए सांध्यकालीन में 47 व बीकॉम आनर्स सांध्यकालीन में 24 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनके अलावा बीकॉम सांध्यकालीन में 20, बीकॉम टैक्स सांध्यकालीन में 07 व बीकॉम इंश्योरेंस सांध्यकालीन में 01 आवेदन आया है।