संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। नगर पालिका प्रशासन ने अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्ती जारी रखी। बुधवार को अभियान चलाने के बाद वीरवार को दूसरे दिन नगर पालिका कर्मचारियों ने सिनेमा रोड, पार्क रोड और पुरानी सब्जी मंडी के पास अतिक्रमण हटाया।
इस दौरान तमाम दुकानदारों का सामान जब्त किया गया, जिससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। नगर पालिका सचिव जितेंद्र शर्मा ने बताया कि शहर में कई दुकानदार अपने दुकानों के आगे सामान रखकर अतिक्रमण कर रहे थे, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या गंभीर हो गई थी। उन्होंने मुख्य सफाई निरीक्षक हिस्मी सिंह और अन्य कर्मचारियों को अभियान चलाने के निर्देश दिए। नगर पालिका के करीब एक दर्जन कर्मचारियों ने सबसे पहले छोटी मंडी बाजार पर अतिक्रमण हटाया। इसके बाद सिनेमा रोड और पार्क रोड के दुकानों से भी सामान उठाकर जब्त किया गया। अभियान के दौरान कुछ दुकानदारों और कर्मचारियों के बीच तकरार भी हुई, लेकिन नगर पालिका ने शहर को अतिक्रमण मुक्त करने में सफलता प्राप्त की।