संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कनाडा भेजने के नाम पर धोखाधड़ी व अपहरण करके फिरौती मांगने के मामले की जांच कर रहे स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी रमेश चंद की अगुवाई में पुलिस टीम ने एक और आरोपी टोहाना निवासी रविंद्र कुमार को काबू किया है। एसपी उपासना ने बताया कि गांव फरीयाबाद निवासी सुरेश कुमार, रामबीर व गांव बड़सीकरी खुर्द निवासी कृष्ण कुमार ने शिकायत दी थी कि वे पुत्र आदित्य, विक्रांत व सुमित को विदेश भेजना चाहते थे।
इस दौरान उनकी मुलाकात फतेहाबाद के गाजूवाला गांव के मंजीत ने फतेहाबाद निवासी मान सिंह से करवाई। उसने प्रत्येक युवक को 26 लाख में कनाडा भेजने का आश्वासन दिया। कनाडा भेजने का झांसा देकर मान सिंह 10 सितंबर को दुबई की टिकट करवाकर उन्हें अपने साथ ले गया। यहां पर उसने कहा कि कनाडा का वीजा दुबई से लगवाएगा। 11 सितंबर को वे सभी दुबई से लीबिया के लिए रवाना हो गए। लीबिया में रहने व खाने के खर्च के नाम पर उनसे 30250 दिरहम मांगी गई। 29 सितंबर तक परिवारजनों की विदेश गए बच्चों से बात होती रही। कुछ समय बाद एक अली नामक व्यक्ति ने पीड़ित परिवारों से संपर्क कर फिरौती की मांग की। इसके बाद परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।