संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में अध्ययनरत कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षाओं का कार्यक्रम शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी कर दिया गया है। परीक्षाएं 11 मार्च से 18 मार्च तक आयोजित की जाएंगी और रविवार को छोड़कर लगातार होंगी।
निर्देशों के अनुसार कक्षा 6 से 8 की परीक्षाएं 11 मार्च से शुरू होंगी, जबकि कक्षा 1 से 5 की परीक्षाएं 13 मार्च से आयोजित की जाएंगी। शिक्षा निदेशालय ने सभी स्कूलों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा कार्यक्रम विद्यार्थियों और अभिभावकों के साथ साझा किया जाए, ताकि तैयारी समय पर सुनिश्चित हो सके।
परीक्षा संचालन और मूल्यांकन:
एनसीईआरटी की ओर से सभी जिलों में विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे परीक्षा प्रक्रिया में एकरूपता और पारदर्शिता बनी रहे। प्रश्न पत्र निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुरूप होंगे और विद्यार्थियों की समझ और सीखने की क्षमता का मूल्यांकन करेंगे।
इस बार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन विद्यालय स्तर पर ही किया जाएगा। शिक्षा निदेशालय ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि मूल्यांकन निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों से सहयोग की अपील की है, ताकि विद्यार्थी बिना किसी दबाव के शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षाएं दे सकें।
इस प्रकार रहेगा परीक्षा कार्यक्रम
n कक्षा पहली व दूसरी : 13 मार्च को अंग्रेजी परीक्षाएं, 14 मार्च को हिंदी, 16 मार्च को गणित विषय की होंगी।
n कक्षा तीसरी से पांचवीं तक : 13 मार्च को अंग्रेजी, 14 मार्च को हिंदी, 16 मार्च को गणित और 18 मार्च को ईवीएस की परीक्षा।
n कक्षा छह : 11 मार्च को हिंदी, 12 मार्च को अंग्रेजी, 13 मार्च को संस्कृत, पंजाबी व उर्दू, 14 मार्च को विज्ञान, 16 मार्च को चित्रकला, संगीत, गायन, वाद्य यंत्र, गृह विज्ञान व कृषि, 17 मार्च को सामाजिक विज्ञान और 18 मार्च को गणित।
n कक्षा सात : 11 मार्च को अंग्रेजी, 12 मार्च को विज्ञान, 13 मार्च को गणित, 14 मार्च को संस्कृत, पंजाबी व उर्दू, 16 मार्च को सामाजिक विज्ञान, 17 मार्च को हिंदी और 18 मार्च को चित्रकला, संगीत, गायन, वाद्य यंत्र व गृह विज्ञान की परीक्षा होगी।
n कक्षा आठ : 11 मार्च को गणित, 12 मार्च को हिंदी, 13 मार्च को अंग्रेजी, 14 मार्च को सामाजिक विज्ञान, 16 मार्च को संस्कृत, पंजाबी व उर्दू, 17 मार्च को चित्रकला, संगीत, गायन, वाद्य यंत्र व गृह विज्ञान और 18 मार्च को विज्ञान विषय की परीक्षा होगी।