कैथल। जिला भाजपा कार्यालय कपिल कमल, कैथल में जिला अध्यक्ष भाजपा कैथल ज्योति सैनी की अध्यक्षता में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, विशेष गहन पुनरीक्षण और चुनावी प्रक्रिया के लिए लगाए जा रहे विपक्ष के आरोपों के संबंध में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में मुख्य वक्ता के रूप में मंत्री श्याम सिंह राणा उपस्थित रहे। राणा ने कहा कि चुनाव आयोग एक सांविधानिक संस्था है और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना उसकी सांविधानिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं लेकिन हाल में चुनाव आयोग की ओर से जारी स्पष्टीकरण और उपलब्ध न्यायिक रिकॉर्ड इन आरोपों के संबंध में अलग तथ्य सामने रखते हैं। उन्होंने कहा कि 26 सितंबर 2026 को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की बैठक के बाद जारी संयुक्त स्पष्टीकरण में आयोग ने कहा कि प्रमुख निर्णय आयोग की सर्वसम्मति से लिए गए हैं।
श्याम सिंह राणा ने कहा कि विपक्ष की ओर से कैबिनेट सचिव को भेजे गए पत्र के लिए भी भ्रम फैलाने का प्रयास किया गया। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि संबंधित पत्र किसी चुनाव नीति या एसआईआर से संबंधित निर्णय को चुनौती देने वाला पत्र नहीं था, बल्कि एक वरिष्ठ चुनाव अधिकारी की प्रशासनिक कार्यप्रणाली से जुड़ा विषय था।