संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मानस गांव के ग्रामीणों ने मानस से गढ़ी तक बनने वाली सड़क के निर्माण में घटिया सामग्री प्रयोग करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने बुधवार को सड़क पर खड़े होकर रोष प्रकट किया और जांच की मांग उठाई।
गांववासी संदीप, जगदीप, सुरेंद्र, मुकेश व अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए बताया कि सड़क निर्माण में जो सामग्री प्रयोग की जा रही है, वह नियमानुसार सही नहीं है। सड़क पर बजरी और रेत समान मात्रा में मिलाकर डालने की बजाय रेत ज्यादा डाली जा रही है। बजरी की मात्रा नाममात्र है। सड़क पर फैकी रेत के कारण ग्रामीणों का निकलना भी मुश्किल हो रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि खेतों में जाने के लिए यह दोनों गांवों के बीच का मुख्य रास्ता है। दोपहिया वाहन सड़क से नहीं गुजर सकते हैं। रेत के कारण दोपहिया वाहन फिसलने से लोग चोटिल हो रहे हैं। रोजाना पशुओं के लिए चारा लेने खेतों में जाना पड़ता है। ऐसे में रेत से गुजरते समय काफी दिक्कतें आती हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि बरसात के मौसम में सड़क पर चलने में और अधिक समस्या होगी। ग्रामीणों ने मांग की कि सड़क के निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने की जांच हो और संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही जल्द से जल्द सड़क का निर्माण कार्य पूरा किया जाए।
मार्केटिंग बोर्ड के जेई रोहित कुमार ने बताया कि ग्रामीणों के रोष के बारे में उन्हें पता चला है। संबंधित ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं कि वह नियमों के अनुसार की सड़क का निर्माण कराए। साथ ही कार्य को जल्द से जल्द पूरा करवाने बारे भी कहा गया है। मार्केटिंग बोर्ड ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए जल्द की कार्य पूरा कराएगा।