संवाद न्यूज एजेंसी
ढांड। एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) पार्टी के सदस्यों और समर्थकों की मीटिंग ढांड कार्यालय में आयोजित की गई। इसमें पार्टी नेताओं ने सरकार पर मेहनतकश वर्ग के शोषण का आरोप लगाया।
बैठक की अध्यक्षता पार्टी के पोलितब्यूरो सदस्य कामरेड सत्यवान और राज्य सचिव कामरेड राजेंद्र सिंह ने की, जबकि मंच संचालन जिला सचिव कामरेड राजकुमार सारसा ने संभाला।
मीटिंग में कामरेड सत्यवान ने संबोधित करते हुए कहा कि देश के मेहनतकश वर्ग का शोषण किया जा रहा है और मुठ्ठी भर अमीरों की तिजोरियों को भरा जा रहा है। उन्होंने बताया कि मंडी में किसानों को अपनी फसल औने-पौने दामों में बेचने के लिए मजबूर किया जा रहा है और केंद्र तथा राज्य सरकारें मजदूर, किसान, छोटे दुकानदार और कर्मचारियों के खिलाफ जनविरोधी नीतियां लागू कर रही हैं।
सत्यवान ने कहा कि आज देश की जनता महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही है। आम जनता जब आंदोलन करती है तो उनका दमन किया जाता है, झूठे मुकदमे दर्ज किए जाते हैं और कई बार देशद्रोही तक की धाराएं लगाई जाती हैं। उन्होंने सभी से एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया। जिला सचिव राजकुमार सारसा ने कहा कि एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) जात-पात, धर्म और इलाके से ऊपर उठकर जनता को संगठित करने का काम करती रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी ने प्रदेश में जन संपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया है।