संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की उपस्थिति में नगर पालिकाओं कलायत, पूंडरी और सीवन के अध्यक्षों ने शपथ ग्रहण। बुधवार को सभी अपना-अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे।
दूरभाष पर हुई बातचीत में नव निर्वाचित अध्यक्षों ने कहा कि गलियों और सड़कों का निर्माण करवाना पहली प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही पार्षदों ने भी शपथ ली।
गौरतलब है कि यह पहला अवसर है कि पूरे प्रदेश केे निकाय चुनावों में चुने गए जनप्रतिनिधियों को विधायक की तरह से पंचकूला में एक स्थान पर शपथ ग्रहण करवाई गई। इससे पहले प्रथम बैठक एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन जिला मुख्यालय पर होता रहा है।
उधर, सीवन नगर पालिका की नवनियुक्त अध्यक्ष हेमलता सैनी व सभी वार्डों के पार्षदों ने मंगलवार को पंचकूला में पहुंचकर अपने पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में रवाना होने से पहले हेमलता सैनी ने कहा की सीवन के विकास कार्यों की गति को किसी भी हाल में रुकने नहीं दिया जाएगा। सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराए जाएंगे ताकि कोई भी क्षेत्र उपेक्षित न रहे।
इस अवसर पर उनके साथ समाज सेवी संदीप सैनी, पार्षद संजय कंसल, मनीष कामरा, श्रीराम, धर्मेंद्र शर्मा, जितेंद्र शर्मा, ज्योति, सतनाम कौर रवाना हुई थीं।
उधर, कलायत कलायत नगरपालिका के अध्यक्ष व पार्षदों ने पंचकूला सेक्टर 5 स्थित इंद्रधनुष सभागार में शपथ ग्रहण की। नवनिर्वाचित प्रधान अंकित जैलदार के साथ सभी 16 पार्षदोंं ने एक साथ शपथ ग्रहण की।
इस दौरान अध्यक्ष अंकित जैलदार ने कहा कि उनका लक्ष्य नगर का समग्र विकास करवाना है। कलायत नगरपालिका बहुत पुरानी नगरपालिका है। उसके बावजूद भी कलायत नगर में अपेक्षित विकास नहीं हो पाया। युवाओं के लिए खेल स्टेडियम के लिए स्थान व उसका निर्माण उनकी सबसे पहली प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने कलायत में महाराणा प्रताप सामुदायिक केंद्र, भगवान परशुराम सामुदायिक केंद्र व महाराजा अग्रसेन पार्क का जो कार्य अधूरा है उसे पूरा करवाना प्राथमिक कार्यों में शामिल रहेगा। ने कहा कि नगर की गलियों में स्ट्रीट लाइट नहीं है उसे लगवाना व मुख्यमार्गों की जो खराब स्ट्रीट लाइट हैं उनको ठीक करवाया जाऐगा। नगर में अनेक वार्डों में सीवरेज और पीने के पानी की बड़ी भारी समस्या है। इन समस्याओं का संबंधित विभागों से तालमेल बना कर समाधान किया जाएगा।
पंचकूला में उनके साथ वार्ड 1 से पार्षद कुमारी रेणू धानियां, वार्ड 2 से आशीष राणा, वार्ड 3 से उषा रानी, वार्ड 4 से निशा देवी, वार्ड 5 से प्रीत जगदेवा, वार्ड 6 से प्रदीप राणा, वार्ड 7 से राजेश राणा, वार्ड 8 से महीपाल पंवार, वार्ड 9 से जगदीश रायका, वार्ड 10 से संजय सिंगला, वार्ड 11 से विनोद जेष्ठ, वार्ड 12 से अमित वैद, वार्ड 13 से रवींद्र शर्मा बंटी, वार्ड 14 से पूनम धीमान, वार्ड 15 से कविता कांसल और वार्ड 16 से नीलम यादव ने भी शपथ ग्रहण की।
उधर, पूंडरी की अध्यक्ष बबली गोस्वामी ने भी शपथ ग्रहण की।