कैथल। जिले में सोमवार को एक बार फिर से वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ा है। सोमवार यह फिर से 200 से पार पहुंच गया है। इस दौरान वायु प्रदूषण का स्तर 236 पर रहा है। बता दें कि रविवार को वायु प्रदूषण का स्तर कम होने से थोड़ी राहत मिली थी। यह 184 पर आ गया था, लेकिन अब दोबारा बढ़ा है। दिवाली के बाद लगातार दो दिन तक हुई आतिशबाजी के बाद फिर से वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ गया था। जबकि दिवाली पर्व से पहले जिले में वायु प्रदूषण का स्तर 200 से नीचे पहुंच गया था।
जिले में खेतों में लगातार जल रही पराली के मामले आने से भी वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ता है। हालांकि जिला प्रशासन के आदेशों पर किसानों पर सख्ती लगातार जारी है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार बोर्ड की ओर से प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए हवा जरूर चलनी चाहिए। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ सतीश कुमार ने बताया कि प्रदूषण कम करने के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।