कैथल। करीब सवा साल के बाद नगर परिषद की बैठक 11 जुलाई को लघु सचिवालय में होगी। इस मौके पर अध्यक्ष सुरभि गर्ग के साथ 31 पार्षदों को एसडीएम ब्रह्मप्रकाश पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलवाएंगे। इसके लिए शुक्रवार को बैठक का एजेंडा जारी कर दिया है। लंबे समय से इस बैठक का इंतजार किया जा रहा था। इस प्रकार सोमवार से शहर को नई सरकार मिल जाएगी और इससे लंबित कार्यों को निपटाने में मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि 11 मार्च 2021 को नगर परिषद की पिछली बैठक हुई थी। इसमें विवाद के बाद कुछ पार्षदों ने एक्ट का हवाला देकर फिर से 17 मार्च को बैठक बुलाई थी लेकिन बैठक को लेकर विवाद हो गया। इसमें सफाई कर्मचारियों के प्रदर्शन व अन्य कारणों से बैठक नहीं हो पाई। बैठक में डोर टू डोर का टेंडर अहम मुद्दा था। इसके बाद पार्षदों का कार्यकाल खत्म हो गया और नगर परिषद की कमान एसडीएम के हाथ में बतौर प्रशासक आ गई थी।
इसके बाद गत 22 जून को हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुरभि गर्ग पहली बार हुए अध्यक्ष के प्रत्यक्ष चुनाव में विजयी रहीं। साथ ही 31 पार्षद चुने गए। इसमें वार्ड नंबर एक से सुल्तान, वार्ड नंबर दो से सीमा वर्मा, वार्ड नंबर तीन से सोनिया, वार्ड नंबर चार से महेश गोगिया, पांच से राजकली, छह से प्रीति रानी, सात से विजय गर्ग, आठ से परमजीत कौर, नौ से निरंजन सैनी, दस से रोहन मित्तल, वार्ड 11 से सुशीला शर्मा, वार्ड नंबर 12 से बलजीत सिंह, वार्ड नंबर 13 से ज्योति जांगड़ा, वार्ड नंबर 14 से दीपक शर्मा, वार्ड नंबर 15 से शमशेर फौजी शामिल हैं।
इसी प्रकार वार्ड नंबर 16 से रामफल सैनी, वार्ड नंबर 17 से प्रवेश कुमार, वार्ड नंबर 18 से रामनिवास मित्तल, वार्ड नंबर 19 से सीमा रानी, वार्ड नंबर 20 से रिंकू सैनी, वार्ड नंबर 21 से अनिल खुरानिया, वार्ड नंबर 22 से राजेश कुमार, वार्ड नंबर 23 से लीलू सैनी, वार्ड नंबर 24 से संतोष थरेजा, वार्ड नंबर 25 से वीनस गुप्ता, वार्ड नंबर 26 से वीरेंद्र बत्तरा, वार्ड नंबर 27 से काका सचदेवा, वार्ड नंबर 28 से मोहन लाल शर्मा, वार्ड नंबर 29 से राज सैनी, वार्ड नंबर 30 से सोनिया धीमान व वार्ड 31 से विकास कुमार पार्षद चुने गए हैं।
ईओ नगर परिषद कुलदीप मलिक ने बताया कि एसडीएम ने सोमवार को नगर परिषद के चुने हुए पार्षदों एवं अध्यक्ष को शपथ दिलवाने के लिए बैठक का एजेंडा जारी किया है। इसमें सभी पार्षदों व अध्यक्ष को लघु सचिवालय स्थित सभागार में शपथ दिलवाई जाएगी। इसके बाद जल्द ही अगली बैठक होगी। सभी पार्षदों, नगर परिषद अध्यक्ष, विधायक लीला राम व सांसद नायब सैनी को बैठक के एजेंडे की सूचना भेज दी गई है।
चीका नगरपालिका की अध्यक्ष डॉ. रेखा रानी 14 जुलाई को लेंगी शपथ
गुहला-चीका। नगरपालिका चीका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. रेखा रानी व सभी 17 पार्षद 14 जुलाई को शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह आठ करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से बनकर तैयार हुए नगरपालिका कार्यालय के नए भवन में होगा। शपथग्रहण समारोह को देखते हुए नए भवन की सफाई का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है।
कार्यक्रम में एसडीएम नवीन कुमार सभी नपा के जन प्रतिनिधियों को शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह में सांसद नायब सैनी व हलका विधायक ईश्वर सिंह भी मौजूद रहेंगे। गुहला रोड पर बस अड्डा के पास बनकर तैयार हुए नगरपालिका कार्यालय के इस भवन का निर्माण कार्य जनवरी 2019 में शुरू हुआ था। चार मंजिला इस भवन में सबसे नीचे वाहनों की पार्किंग के लिए बेसमेंट बनाई गई है। ग्राउंड फ्लोर पर अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए 13 कमरे बनाए गए हैं। इसी प्रकार से पहली मंजिल पर भी स्टाफ के लिए 11 कमरों का निर्माण करवाया गया है। भवन की सबसे ऊपर की मंजिल पर एक बड़ा हॉल बनाया गया है।