संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। उपमंडल के विभिन्न गांवों में खेतों से सिंचाई संसाधनों की लगातार हो रही चोरी से किसानों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बेखौफ चोर न केवल मोटर केबल और पाइपें चोरी कर रहे हैं, बल्कि घटनास्थल पर धमकी लिखकर खुलेआम चुनौती भी दे रहे हैं।
गांव सजूमा निवासी मोहित ने कलायत थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। मोहित ने बताया कि उसके खेत लांबा खेड़ी और सजूमा मार्ग पर स्थित हैं। मंगलवार रात अज्ञात चोर उसके खेत से मोटर की लगभग 40 फुट केबल, लोहे की पाइपें और अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरी किए गए सामान की कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई जा रही है।
मोहित ने बताया कि चोरों ने खेत में बने कमरे की दीवार पर चाक से गालियां लिखीं और दोबारा चोरी करने की धमकी भी दी। इस घटना से न केवल आर्थिक नुकसान हुआ है, बल्कि परिवार में भय का वातावरण भी बन गया है।
मुकेश कुमार, गोबिंद सिंह और शिवम सहित अन्य किसानों का कहना है कि क्षेत्र में सिंचाई संसाधनों की चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। चोर खुलेआम चुनौती देकर उपकरण चुरा ले जाते हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। सिंचाई संसाधन चोरी होने से फसलों की समय पर सिंचाई प्रभावित हो रही है और उत्पादन पर भी असर पड़ने की आशंका है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और सक्रिय चोर गिरोह को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते इन घटनाओं पर
अंकुश नहीं लगाया गया तो खेती करना कठिन हो जाएगा।
मंगलवार को ही किसान प्रदीप राणा ने भी खेत से तीसरी बार चोरी होने की शिकायत थाने में दी थी। उनका आरोप है कि लगातार तीसरी बार सिंचाई संसाधन चोरी होने के बावजूद अब तक आरोपियों का पता नहीं चल पाया है।
किसानों की शिकायत पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। पूर्व में भी कुछ मामलों में पुलिस को सफलता मिली है और शेष मामलों को ट्रेस करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। -बलबीर सिंह, थाना प्रबंधक